
धोखाधड़ी और दुकानों से जुड़े आरोपों को बताया साजिश, आरोप लगाने वालों के खिलाफ मानहानि व आपराधिक मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी
देहरादून। पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने अपने खिलाफ लगाए गए लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी और दुकानों से जुड़े आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप जांच में सही साबित होते हैं तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। वहीं, आरोप झूठे पाए जाने पर आरोप लगाने वालों के खिलाफ मानहानि सहित आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
मसूरी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए गामा ने आरोपों को आगामी चुनाव के मद्देनजर उनकी राजनीतिक छवि खराब करने की सुनियोजित साजिश बताया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। दावा किया कि इस प्रकरण में उन्हें पहले भी ब्लैकमेल किया गया था और 23 लाख रुपये का भुगतान करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाने वाले व्यक्ति को नौकरी और दुकान उपलब्ध कराने की बात भी कही तथा 40 लाख रुपये के दावे पर सवाल उठाए।
पूर्व मेयर ने कहा कि इस पूरे मामले से उन्हें और उनके परिवार को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे। साथ ही आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक संरक्षण में उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि कथित साजिश में शामिल लोगों को बेनकाब कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान गामा ने मसूरी विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी भी मजबूत तरीके से पेश की। उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व से टिकट देने का अनुरोध किया है। कहा कि विरोधियों के षड्यंत्र और दुष्प्रचार से उनकी राजनीतिक राह प्रभावित नहीं होगी।



