
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट स्थित श्मशान घाट पर पंचतत्व में विलीन हो गईं। मां को अंतिम विदाई देने के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो उठे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अंतिम परिक्रमा कर मां को नमन किया। इस दौरान उनकी आंखें नम हो गईं और वे कई बार रूमाल से आंसू पोंछते नजर आए। अंतिम संस्कार उनके छोटे पुत्र शैलेंद्र और महेंद्र ने मुखाग्नि देकर संपन्न कराया।
सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह 8:50 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से शुरू हुई। गांव से हरिद्वार तक यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। करीब 11:40 बजे पार्थिव शरीर चंडी घाट पहुंचा, जहां अंतिम संस्कार की धार्मिक परंपराओं के अनुसार विधि-विधान संपन्न कराए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मां के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अपनी श्रद्धा और भावनाएं व्यक्त कीं।

अंतिम यात्रा के दौरान लक्ष्मण झूला-कांडी मोटर मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी। शव वाहन पर फूल बरसाकर लोगों ने अंतिम विदाई दी। पूरे मार्ग में भगवद्गीता का पाठ चलता रहा। पंचूर गांव से हरिद्वार तक लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने दिवंगत के प्रति सम्मान और श्रद्धा का भाव प्रदर्शित किया।
हरिद्वार में अंतिम संस्कार किए जाने के पीछे परिवार की परंपरा भी रही। पंचूर गांव में परिवार अपने दिवंगत परिजनों का अंतिम संस्कार हरिद्वार में करता रहा है। इसी परंपरा के अनुरूप सावित्री देवी को भी हरिद्वार लाया गया। हालांकि, योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन 21 अप्रैल 2020 को हुआ था, उस समय कोरोना संक्रमण के चलते परिस्थितियां अलग थीं और उनका अंतिम संस्कार फूलचट्टी घाट पर किया गया था।
अंतिम संस्कार में संत समाज, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक क्षेत्र की अनेक हस्तियां पहुंचीं। 13 अखाड़ों के आचार्य एवं श्रीमहंतों ने श्रद्धांजलि दी। योग गुरु स्वामी रामदेव संतों के साथ उपस्थित रहे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों के अलावा उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने भी अंतिम दर्शन कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। भाजपा नेता बांसुरी स्वराज भी श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। बड़ी संख्या में लोगों और विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए थे।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद मनुष्य के जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने भी निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी श्रीमती सावित्री देवी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने शोक संदेश में निधन को अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक बताते हुए परमपिता परमेश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। साथ ही योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। महेंद्र भट्ट ने कहा कि सावित्री देवी ने अपने संस्कारों से ऐसे पुत्र को प्रेरित किया, जिसने सनातन परंपरा और राष्ट्रसेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पार्टी कार्यकर्ता और प्रदेशवासी शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं।




