
डॉ. गोगी बोले: 2027 में देहरादून कैंट में होगा सत्ता परिवर्तन, कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचाएंगे कांग्रेस की बात
देहरादून । देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रेमनगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को कार्यकारिणी विस्तार एवं पुनर्गठन कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा ने की। इस दौरान आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए रणजीत सिंह का पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें ब्लॉक उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम में कई नए कार्यकर्ताओं को संगठन में महत्वपूर्ण पद दिए गए। महेंद्र एवं मनीष चावला को महासचिव, तक्ष, जीवन राम, राकेश गंभीर, प्रताप तलवार और महेश खन्ना को सचिव तथा मोहन को संगठन सचिव नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और नेतृत्व के प्रति लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं का कांग्रेस में शामिल होना इस बात का संकेत है कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों से निराश है और बदलाव चाहती है।
डॉ. गोगी ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव देहरादून कैंट के राजनीतिक भविष्य की दिशा तय करेगा। भाजपा शासन में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और क्षेत्र की उपेक्षा से जनता परेशान है। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर और बूथ-बूथ तक पहुंचकर जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में देहरादून कैंट में सत्ता परिवर्तन होगा और कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरकर जनता के सम्मान, अधिकारों और क्षेत्र के विकास की लड़ाई लड़ेगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर पूर्व प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस सुमित खन्ना, मोहित ग्रोवर, वीरेश शर्मा, कुलदीप नरूला, राहुल तलवार, रविंद्र रैना, सुनील सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



