
पांच दिवसीय प्रशिक्षण का समापन, इंटर्नशिप के लिए विद्यार्थियों को मिलेगा व्यावहारिक अनुभव, कृषि उद्यमिता का एक वर्षीय कोर्स शुरू करने की योजना
श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय (HNBGU) के ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग में “मशरूम उत्पादन, खेती एवं मूल्य संवर्धन” पर आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हो गया। इसमें 32 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण लिया। समापन अवसर पर विश्वविद्यालय और कृषि वन अनुसंधान केंद्र, देहरादून के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर भी हुए। इससे इंटर्नशिप के इच्छुक विद्यार्थियों को केंद्र में व्यावहारिक प्रशिक्षण, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और कार्यक्षेत्र का अनुभव मिल सकेगा।
विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. आर. एस. नेगी ने बताया कि यह विभाग का छठा MoU है। उन्होंने प्रतिभागियों की मेहनत और लगन की सराहना की। मुख्य अतिथि कुलसचिव डॉ. वाई. पी. रायवानी ने 32 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देने को सराहनीय उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में सफलता के लिए नए उत्पाद तैयार करना, गुणवत्ता बनाए रखना और उचित विपणन व्यवस्था विकसित करना जरूरी है।

केंद्र के सचिव केशव शर्मा ने मशरूम को कम निवेश में शुरू होने वाला उद्यम बताया। उन्होंने कहा कि इसकी खेती इनडोर परिस्थितियों में भी संभव है और विद्यार्थी, किसान व नए उद्यमी अपने संसाधनों के अनुसार इसे अपना सकते हैं। वरिष्ठ सलाहकार प्रकाश रतूड़ी ने बताया कि विद्यार्थियों को क्षेत्रीय अनुभव, औद्योगिक गतिविधियों और उद्यमिता से जुड़ी सुविधाएं देने के लिए एक रिसोर्स सेंटर विकसित किया जा रहा है।
भर्ती एवं पदोन्नति के डीन मोहन सिंह पंवार ने कहा कि शिक्षा और रोजगार की दूरी घटाने के लिए विश्वविद्यालय विभिन्न संस्थानों के साथ MoU कर रहा है। उन्होंने बताया कि मशरूम के साथ मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन, वर्मी कम्पोस्ट, पशु चिकित्सा और जैविक खेती में भी विद्यार्थियों के लिए अवसर विकसित किए जाएंगे। साथ ही HNBGU में एक वर्षीय “कृषि उद्यमिता” पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना है, जिसमें कृषि उत्पादों के व्यावसायिक उपयोग, वित्तीय प्रबंधन और बाजार से जुड़ाव की जानकारी दी जाएगी।

छात्र कल्याण के डीन प्रो. ओम प्रकाश गुसाईं ने प्रतिभागियों से सीखी गई तकनीकों को अपने क्षेत्रों में अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नए कार्य में शुरुआती कठिनाइयां आती हैं, लेकिन धैर्य और निरंतर अभ्यास से अच्छे नतीजे मिलते हैं। कार्यक्रम में केंद्र के निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार चौरसिया भी मौजूद रहे।



