
राघवी और करीना की दमदार बल्लेबाजी, उत्तराखंड ने खड़ा किया 168 रन का स्कोर
थिरुवनंतपुरम (केरल) । महिला अंडर-23 टी20 ट्रॉफी एलीट के ग्रुप स्टेज मुकाबले में उत्तराखंड की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांडिचेरी को 77 रनों से करारी शिकस्त दी। सेंट जेवियर्स केसीए क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में उत्तराखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 168 रन बनाए। जवाब में पांडिचेरी की टीम निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 91 रन ही बना सकी।
उत्तराखंड की ओर से कप्तान राघवी बिष्ट और करीना सिंह ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। राघवी ने 24 गेंदों में 27 रन बनाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं, करीना सिंह ने 38 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 45 रनों की बेहतरीन पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी के साथ खेलते हुए टीम के स्कोर को मजबूती प्रदान की।
169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पांडिचेरी की टीम उत्तराखंड की गेंदबाजों के सामने खुलकर नहीं खेल सकी। गेंदबाजों ने कसी हुई लाइन-लेंथ के साथ विपक्षी बल्लेबाजों को बांधे रखा, जिससे पांडिचेरी की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 91 रन ही बना सकी।
इस शानदार जीत के साथ उत्तराखंड की अंडर-23 महिला टीम ने ग्रुप स्टेज में महत्वपूर्ण अंक अर्जित किए और प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।



