
देहरादून। जौलजीबी मेले में पिथौरागढ़ के कांग्रेस विधायक हरीश धामी को मंच से अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिए जाने के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को एश्ले हॉल चौक पर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि जौलजीबी मेले जैसे ऐतिहासिक आयोजन में क्षेत्रीय विधायक एवं जनप्रतिनिधि हरीश धामी को जनता की समस्याएं उठाने से रोकना लोकतांत्रिक परंपराओं का खुला उल्लंघन है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल एक जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि उस क्षेत्र की जनता की आवाज को दबाने का प्रयास है, जिसने उन्हें विधानसभा तक पहुंचाया है।
डॉ. गोगी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की कार्यशैली तानाशाहीपूर्ण होती जा रही है। लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को सम्मान मिलना चाहिए, लेकिन सरकार विपक्षी जनप्रतिनिधियों को बोलने तक का अवसर नहीं देना चाहती। उन्होंने मुख्यमंत्री से स्पष्ट करने की मांग की कि एक निर्वाचित विधायक को सार्वजनिक मंच पर अपनी बात रखने से क्यों रोका गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पीआरडी कर्मचारियों की मांगों का भी समर्थन किया। डॉ. गोगी ने कहा कि प्रदेश के पीआरडी कर्मचारी लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जनप्रतिनिधियों के सम्मान और कर्मचारियों की मांगों से जुड़े मुद्दों पर जल्द कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष दर्शन लाल, पार्षद अर्जुन सोनकर, अरविंद चौधरी, अभिनव थापर, ब्लॉक अध्यक्ष ललित भद्री, बीरेंद्र पंवार, सुनील थपलियाल, दीपक माधवल, सईद अहमद जमाल, सूरज लंबा, दलबीर बर्थवाल, परवीन ध्यानी, प्रदीप रावत, मुकेश सोनकर, संदीप जैन, वीरेंद्र सिंह, सनतन सिंह, हेमवतीनंदन, सावित्री थापा, लवलीन कौर, मनीष गौनियाल, मखरूल आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




