
बाबा क्लॉथ दुकान के मालिक और 8-10 सहयोगियों पर मारपीट का आरोप, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की मांग
देहरादून । राजधानी देहरादून के मुख्य घंटाघर के समीप सिटी बस चालक के साथ कथित सामूहिक मारपीट का मामला सामने आया है। देहरादून महानगर सिटी बस सेवा सोसाइटी ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
सोसाइटी के अध्यक्ष विजय वर्धन डंडरियाल की ओर से दिए गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि घंटाघर के समीप स्थित बाबा क्लॉथ कपड़े की दुकान के मालिक और उसके 8 से 10 सहयोगियों द्वारा 18 नवंबर को दोपहर लगभग 3:15 से 3:30 बजे के बीच सिटी बस चालक मुकेश कुमार के साथ सामूहिक मारपीट की गई। शिकायत के अनुसार, घटना के दौरान चालक के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई। सोसाइटी का दावा है कि घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और घायल चालक का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित दुकान के मालिक द्वारा सार्वजनिक सड़क पर मनमाने ढंग से अधिकार जताते हुए सिटी बसों और अन्य वाहनों को दुकान के आसपास खड़ा नहीं होने दिया जाता, जबकि दुकान पर आने वाले ग्राहकों के वाहनों को सड़क पर खड़ा करने की अनुमति दी जाती है। विरोध करने पर बस चालकों के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी देने की शिकायतें भी सामने आई हैं। सोसाइटी ने इसे सार्वजनिक मार्ग के निर्बाध उपयोग और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाला मामला बताया है।
शिकायत पत्र में दुकान के निर्माण को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। सोसाइटी के अनुसार, दुकान मुख्य सड़क से सटी मंदिर की भूमि पर टीन शेड के अंतर्गत निर्मित बताई जाती है। इसके निर्माण का मानचित्र मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) से स्वीकृत होने और भूमि के वैध व्यावसायिक उपयोग को लेकर संदेह जताते हुए मामले की जांच की मांग की गई है।
सोसाइटी ने एसएसपी से मांग की है कि सिटी बस चालक मुकेश कुमार के साथ हुई कथित मारपीट की सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जांच कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही पूर्व में हुई ऐसी घटनाओं की भी जांच कराई जाए। सार्वजनिक सड़क पर वाहनों की पार्किंग रोकने और बस चालकों को धमकाने के आरोपों की जांच कर यातायात नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त एमडीडीए और राजस्व विभाग से संबंधित दुकान की भूमि, स्वीकृत मानचित्र तथा निर्माण की वैधता की जांच कराने की मांग भी की गई है। सोसाइटी ने कहा कि सिटी बसें आम जनता की परिवहन सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और इनके संचालन में बाधा तथा चालकों के साथ मारपीट जैसी घटनाएं गंभीर विषय हैं। सोसाइटी ने संबंधित विभागों से संयुक्त एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यँहा देखे पुलिस में की गई रिपोर्ट







