
गौचर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक मेला नहीं, बल्कि प्रदेश की लोक संस्कृति, स्थानीय उत्पादों और परंपराओं को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच है।
मुख्यमंत्री ने मेले के उद्घाटन से पूर्व संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक बनाया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें गौचर मेले का शुभंकर भेंट किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ गौचर मेला आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि यह मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और लघु उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर प्रदान करता है तथा प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को मजबूती देता है।

चमोली जनपद की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भगवान बद्री विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और विश्वविख्यात चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के विकास को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को प्रथम गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को अपने गांवों में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प आधारित योजनाओं को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है, जिसका कारोबार छह करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है।
उन्होंने कहा कि चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से चमोली सहित पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। सरकार दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सतत कार्य कर रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिमली अस्पताल से जुड़े विवाद के समाधान के लिए शीघ्र एक समिति गठित करने की घोषणा की। साथ ही प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर स्थानीय स्तर पर भूमि चयनित करने के बाद सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ तथा वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना तथा 4.59 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्यों का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र के लोगों को बेहतर पेयजल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक भूपाल राम टम्टा, विधायक अनिल नौटियाल, हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, राम चन्द्र गौड़, माधव प्रसाद सेमवाल, प्रेम सिंह राणा, चन्द्रकला तिवारी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी, अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व्यापारी, पत्रकार और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





