
कांग्रेस के इतिहास पर टिप्पणी करने से पहले भाजपा नेता अपने गिरेबान में झांकें, आजादी के संघर्ष और बलिदान को नकारना स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान : कांग्रेस प्रवक्ता
देहरादून । भाजपा विधायक बंशीधर भगत के कांग्रेस के इतिहास को नरसंहारों से दागदार बताने वाले बयान पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बंशीधर भगत का बयान उनकी राजनीतिक हताशा और कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास के प्रति अज्ञानता को दर्शाता है। भाजपा नेताओं को कांग्रेस के इतिहास पर टिप्पणी करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास नरसंहारों से नहीं, बल्कि देश की आजादी के संघर्ष, त्याग, बलिदान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान से जुड़ा है। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक कांग्रेस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में कांग्रेस के इतिहास को नरसंहारों से दागदार बताना ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने के साथ ही देश के स्वतंत्रता सेनानियों और उनके बलिदानों का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र, संविधान, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक सद्भाव की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के योगदान को राजनीतिक बयानबाजी से मिटाया नहीं जा सकता।
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके नेताओं की यह पुरानी राजनीतिक प्रवृत्ति रही है कि वे बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस के इतिहास पर अनर्गल टिप्पणियां करते रहते हैं। बंशीधर भगत को स्पष्ट करना चाहिए कि वे किन नरसंहारों की बात कर रहे हैं और उनके आरोपों का ऐतिहासिक एवं तथ्यात्मक आधार क्या है?
डॉ. प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा का इतिहास षड्यंत्रों और माफी मांगने वालों से जुड़ा रहा है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अंग्रेजों के साथ कथित मिलीभगत और स्वतंत्रता सेनानियों की जासूसी के आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को कांग्रेस को इतिहास का पाठ पढ़ाने के बजाय अपने राजनीतिक इतिहास और वर्तमान सरकार के कार्यों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बंशीधर भगत को कांग्रेस के इतिहास पर सवाल उठाने के बजाय अपने शासनकाल की उपलब्धियों और जनहित में किए गए कार्यों का हिसाब जनता को देना चाहिए। कांग्रेस के इतिहास पर सवाल उठाकर भाजपा अपनी पूर्व और वर्तमान नाकामियों तथा जिम्मेदारियों से बच नहीं सकती। जनता सब जानती है और समय आने पर इसका जवाब देगी।




