
अंकिता पर चारित्रिक लांछन लगाने और मोबाइल की निजी चैट सार्वजनिक करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग, गांधी पार्क से डीजीपी कार्यालय तक किया मार्च
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर अंकिता के माता-पिता मंगलवार को देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठे। उन्होंने अंकिता पर चारित्रिक लांछन लगाने वाले विनोद आर्य और उसके मोबाइल फोन की निजी चैट सार्वजनिक करने वाले अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। धरने को समर्थन देने पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने अंकिता के माता-पिता के संघर्ष में पार्टी के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी के साथ हुई जघन्य घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। इसके बावजूद आज भी उसके माता-पिता बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उन्हें अपनी मांगों को लेकर बार-बार सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि दुनिया से जा चुकी बेटी के चरित्र पर सवाल उठाकर उसकी गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास बेहद निंदनीय है। अंकिता के निजी मोबाइल की चैट सार्वजनिक करना भी उसकी निजता और सम्मान का गंभीर उल्लंघन है। इस तरह की घटनाएं पीड़ित परिवार की पीड़ा बढ़ाने के साथ समाज में गलत संदेश देती हैं।
उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता की मांग न्यायसंगत है और कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। किसी भी व्यक्ति को प्रभाव या राजनीतिक रसूख के बल पर कानून से बचने का अवसर नहीं मिलना चाहिए।
अंकिता के माता-पिता के साथ कांग्रेस नेताओं ने गांधी पार्क से पुलिस महानिदेशक कार्यालय तक मार्च किया। डीजीपी कार्यालय पहुंचकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस अंकिता के माता-पिता के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज करने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना केवल एक परिवार का सवाल नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता, बेटियों की गरिमा और महिला सम्मान से जुड़ा मुद्दा है। धरने और मार्च में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी शामिल रहे।



