
देहरादून। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को देहरादून स्थित पुलिस लाइन्स में अभियोजन विभाग, उत्तराखंड की ओर से आयोजित विशेष कार्यक्रम में डॉ. गीता खन्ना को उनके सामाजिक योगदान, जनहित के कार्यों और समाज के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया।
इसी अवसर पर डॉ. गीता खन्ना ने ग्राफिक एरा लॉ कॉलेज की ओर से संविधान दिवस पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और न्याय प्रणाली से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे।
डॉ. खन्ना ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से दंड-केंद्रित औपनिवेशिक सोच से आगे बढ़कर न्याय-केंद्रित व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पारंपरिक न्यायिक सोच को आधुनिक फॉरेंसिक विज्ञान और डिजिटल तकनीकों से जोड़ने से न्याय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध बनाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

वाद-विवाद प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के विचारों, तार्किक क्षमता और विषयों की गहन समझ की सराहना की। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं कर्तव्यों का आधार है।
उन्होंने विद्यार्थियों से संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात कर जागरूक नागरिक बनने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।



