
देहरादून । उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के भीतर टिकट को लेकर बेचैनी बढ़ गई है। क्षेत्र के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी आलाकमान से साफ मांग की है कि इस बार बाहरी चेहरे को मौका देने के बजाय धर्मपुर का ही कोई अनुभवी और पुराना कार्यकर्ता उम्मीदवार बनाया जाए।
मंगलवार को हुई बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत, पूर्व पार्षद हरि प्रसाद भट्ट और रमेश कुमार मंगू ने कहा कि पार्टी को सालों तक मजबूत करने में स्थानीय कार्यकर्ताओं का बड़ा योगदान रहा है। 2024 में पूर्व विधायक और मंत्री के पार्टी छोड़ने के बाद भी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ा। इसलिए अब टिकट देते समय उन्हीं के समर्पण और संघर्ष को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
प्रदेश महासचिव याकूब सिद्दीकी, पीसीसी सदस्य सुरेंद्र सिंह राणा, प्रदेश सचिव ओमप्रकाश सती बब्बन और संदीप चमोली ने भी इस रुख को दोहराया। उनका कहना है कि चुनाव में जीत की नींव स्थानीय कार्यकर्ता ही तैयार करते हैं, इसलिए टिकट पर पहला अधिकार भी उन्हीं का होना चाहिए।
दूसरी तरफ, कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मंगलवार को धर्मपुर क्षेत्र में पार्टी के राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया का चुनाव कार्यालय खोला। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में एकजुट होकर जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक मेहनत से जीता जाता है।
प्रीतम सिंह ने राज्य सरकार पर महिला अपराध, कथित भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच जाकर स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। कार्यक्रम के दौरान आसिफ हुसैन, आफताब, देवेश, विनोद, उमेश सिंह, विलियम, जयपाल जस्टिन, प्रकाश मणि, महताब राव और सुहैब खान समेत कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।



