
झील की गहराई, जल भंडारण क्षमता और तलछट का होगा आकलन, सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर तैयार होगी गाद निकासी एवं पुनर्जीवन की कार्ययोजना
देहरादून। नैनीताल जनपद की भीमताल झील के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की दिशा में स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA) ने महत्वपूर्ण पहल की है। जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के निर्देश पर 20 से 23 नवंबर तक झील का चार दिवसीय बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण कराया गया। आधुनिक तकनीक के माध्यम से किए गए इस सर्वेक्षण का उद्देश्य झील की वास्तविक गहराई, जल भंडारण क्षमता, तल पर जमा गाद एवं तलछट की स्थिति का वैज्ञानिक आकलन करना है, ताकि भविष्य में झील के पुनर्जीवन और ड्रेजिंग यानी गाद निकासी की कार्ययोजना तैयार की जा सके।
रुड़की की सर्वेक्षण एजेंसी मैसर्स जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से सर्वेक्षण कार्य संपन्न किया। मोटर बोट पर स्थापित इकोसाउंडर से झील के विभिन्न हिस्सों की गहराई मापी गई, जबकि DGPS/GNSS प्रणाली के माध्यम से सर्वेक्षण बिंदुओं के सटीक भौगोलिक निर्देशांक दर्ज किए गए। सर्वेक्षण में ड्यूल फ्रीक्वेंसी सिंगल बीम इकोसाउंडर, मल्टी-कॉन्स्टेलेशन DGPS/GNSS सिस्टम तथा RTK/CORS करेक्शन तकनीक का उपयोग किया गया। झील में लगभग 10 मीटर के अंतराल पर सर्वे ट्रांजेक्ट निर्धारित कर गहराई मापन किया गया। सर्वेक्षण की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए क्रॉस-चेक लाइन और झील की बाउंड्री का भी अध्ययन किया गया।
सर्वेक्षण के आधार पर झील का बैथिमेट्रिक कंटूर एवं डेप्थ प्लान, क्रॉस-सेक्शन प्रोफाइल, डिजिटल बेड सरफेस तथा साउंडिंग डेटा तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही 3D डिजिटल टेरेन मॉडल, CAD क्रॉस-सेक्शन, कुल जल भंडारण क्षमता, सिल्ट कैपेसिटी और एरिया-कैपेसिटी कर्व के माध्यम से झील की वर्तमान स्थिति का विस्तृत तकनीकी आकलन किया जाएगा। इससे झील के तल पर जमा तलछट की मात्रा, गाद की मोटाई और संभावित ड्रेजिंग की आवश्यकता का पता लगाने में मदद मिलेगी।
सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों एवं तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर भीमताल झील के पुनर्जीवन, गाद निकासी की व्यवहार्यता, जल संग्रहण क्षमता के बेहतर प्रबंधन और संरक्षण कार्यों की भावी योजना तैयार की जाएगी। SARRA की इस पहल से झील के दीर्घकालिक संरक्षण एवं सतत प्रबंधन को वैज्ञानिक आधार मिलेगा। इससे प्राकृतिक जल संपदा के संरक्षण के साथ स्थानीय पर्यावरण, जनजीवन और पर्यटन को भी लाभ पहुंचाने की उम्मीद है।



