
कोटद्वार के किशोरी संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्र की बालिकाओं का विद्यालयों में कराया गया दाखिला, पढ़ाई के साथ योग, पेंटिंग और क्राफ्टिंग का भी मिल रहा प्रशिक्षण
पौड़ी/कोटद्वार। सही मार्गदर्शन, शिक्षा और अवसर मिलें तो परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, जीवन की दिशा बदली जा सकती है। इसकी एक सकारात्मक तस्वीर कोटद्वार के सिम्बलचौड़ स्थित राजकीय किशोरी संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्र में देखने को मिल रही है। यहां रह रही बालिकाएं अब शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़कर अपने भविष्य को नई दिशा देने में जुटी हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की संवेदनशील पहल से इन बालिकाओं का विद्यालयों में दाखिला कराया गया है। अब वे नियमित रूप से स्कूल जाकर पढ़ाई कर रही हैं और शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने कौशल को भी निखार रही हैं।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गत 18 अक्टूबर को राजकीय किशोरी संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां रह रही बालिकाओं से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनकी दिनचर्या, शिक्षा और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। संवाद के दौरान जब बालिकाओं ने बताया कि वे विद्यालय नहीं जा रही हैं, तो जिलाधिकारी ने इस स्थिति को गंभीरता से लिया। उन्होंने इसे केवल शिक्षा से वंचित होने का मामला नहीं, बल्कि बालिकाओं के भविष्य और उनके सर्वांगीण विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय माना। इसके बाद उन्होंने जिला परिवीक्षा अधिकारी को तत्काल बालिकाओं का विद्यालयों में दाखिला सुनिश्चित कराने और उन्हें नियमित शिक्षा से जोड़ने के निर्देश दिए।

डीएम के निर्देशों के बाद संबंधित विभाग ने कार्रवाई करते हुए बालिकाओं का विद्यालयों में प्रवेश कराया। अब ये बालिकाएं नियमित रूप से स्कूल जा रही हैं और अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए हैं। कभी विद्यालय से दूर रहीं इन बालिकाओं के जीवन में अब किताबों और कक्षाओं के माध्यम से नई उम्मीदें जाग रही हैं। शिक्षा से जुड़ने के बाद उनके भीतर आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अपने भविष्य को लेकर नए सपने संजोने लगी हैं।
शिक्षा के साथ हुनरमंद बनाने पर भी जोर
बालिकाओं के विकास को केवल स्कूली शिक्षा तक सीमित नहीं रखा गया है। केंद्र में उनके व्यक्तित्व विकास और कौशल संवर्धन के लिए भी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्हें नियमित रूप से योगाभ्यास कराया जा रहा है। इसके साथ ही पेंटिंग, क्राफ्टिंग और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य बालिकाओं की छिपी प्रतिभा को सामने लाना, उनकी रचनात्मक क्षमता को विकसित करना और उनमें आत्मविश्वास पैदा करना है। शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल हासिल कर वे भविष्य में अपने पैरों पर खड़ी हो सकें, इस दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
केंद्र की अधीक्षिका विजय लक्ष्मी भट्ट के अनुसार, बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्हें पेंटिंग और क्राफ्टिंग सहित विभिन्न गतिविधियों का नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। बालिकाएं इन गतिविधियों में उत्साह और रुचि के साथ भाग ले रही हैं तथा धीरे-धीरे नए हुनर सीख रही हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा के साथ कौशल विकास का यह प्रयास उनके पुनर्वास और भविष्य में आत्मनिर्भर जीवन जीने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
किसी को सरकारी नौकरी तो किसी को देश सेवा का सपना
केंद्र में रह रही बालिकाओं के जीवन में आए इस बदलाव का असर उनकी सोच और भविष्य के प्रति उनके नजरिये में भी दिखाई देने लगा है। अब उनके सामने पढ़ाई पूरी करने और अपने लक्ष्य हासिल करने की स्पष्ट आकांक्षा है। कोई पढ़-लिखकर सरकारी नौकरी प्राप्त करना चाहती है तो कोई देश और समाज की सेवा करने का सपना देख रही है। बालिकाओं का कहना है कि वे मन लगाकर पढ़ाई करना चाहती हैं और शिक्षा के साथ नए हुनर सीखकर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती हैं। उनके भीतर भविष्य में अपनी अलग पहचान बनाने और सम्मानजनक जीवन जीने की इच्छा लगातार मजबूत हो रही है।

डीएम बोलीं- हर बच्चे को मिलना चाहिए आगे बढ़ने का समान अवसर
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्रों में रह रहे बच्चों को भी शिक्षा, विकास और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान बालिकाओं के विद्यालय नहीं जाने की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारी को उनके दाखिले की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए थे। अब बालिकाएं विद्यालय जाकर नियमित पढ़ाई कर रही हैं और शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल शिक्षा उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास, कौशल संवर्धन और आत्मविश्वास को मजबूत करना भी आवश्यक है। प्रशासन का प्रयास है कि केंद्र में रह रही बालिकाओं को ऐसा सकारात्मक वातावरण मिले, जहां वे अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ सकें तथा भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि ऐसे अन्य बच्चों को भी शिक्षा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे, जो किसी कारणवश विद्यालय नहीं जा पा रहे हैं। उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा और विकास के अवसरों से वंचित न रहे। कोटद्वार के इस केंद्र में शुरू हुई यह पहल बताती है कि प्रशासन की संवेदनशीलता और समय पर उठाए गए छोटे-छोटे कदम किसी के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। इन बालिकाओं के लिए स्कूल का रास्ता खुलना महज दाखिले तक सीमित नहीं है, बल्कि बेहतर भविष्य, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता एक नया कदम है।



