
स्कूटी सवार युवकों से विवाद के बाद कार चालक ने तेजी से पीछे की गाड़ी, पिछले टायर की चपेट में आया अर्श अंसारी
देहरादून। दीपावली की देर रात युवकों के दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान एक युवक की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना कोतवाली डालनवाला क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, कार चालक द्वारा अचानक तेजी और लापरवाही से वाहन पीछे करने के दौरान युवक कार के पिछले टायर के नीचे आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार से पहले ही उसकी मौत हो गई।
मामले में मृतक अर्श अंसारी के पिता नदीम अंसारी निवासी ई-43, केवल विहार, सहस्रधारा रोड, देहरादून ने नौ नवंबर को कोतवाली डालनवाला में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि आठ नवंबर को उनके बेटे अर्श के दोस्त श्रेयस ममगाईं निवासी नेहरू कॉलोनी ने उसे दीपावली मनाने के लिए अपने घर बुलाया था। रात में फोन पर संपर्क करने पर बताया गया कि अर्श सुबह घर लौट आएगा। इसके बाद सुबह श्रेयस की मां का फोन आया कि अर्श मोर्चरी में मृत पड़ा है।
पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में सामने आया है कि दीपावली की देर रात अर्श अपने अन्य साथियों के साथ था। इसी दौरान रेसकोर्स स्थित सूरी चौक पर कार सवार युवकों और स्कूटी सवार युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद धर्मपुर चौक के पास अग्रवाल बेकरी के निकट दोनों पक्षों के बीच दोबारा कहासुनी और विवाद हो गया। इसी दौरान कार चालक ने अचानक तेजी और लापरवाही से कार पीछे की, जिसकी चपेट में अर्श आ गया। कार के पिछले टायर के नीचे आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर थाना डालनवाला में मुकदमा संख्या 189/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।


