
नैनीताल और टिहरी में अपेक्षाकृत साफ रही हवा, अधिकांश शहरों में मॉडरेट श्रेणी में दर्ज हुआ प्रदूषण स्तर
देहरादून। दीपावली पर हुई आतिशबाजी का असर राजधानी देहरादून की आबोहवा पर साफ दिखाई दिया। पटाखों और आतिशबाजी के चलते दिवाली के दिन शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार पहुंच गया। इससे राजधानी की हवा की गुणवत्ता में अचानक गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि प्रदेश के अधिकांश शहरों में एक से आठ नवंबर तक वायु गुणवत्ता का औसत स्तर मॉडरेट श्रेणी में बना रहा। नैनीताल और टिहरी जैसे पर्वतीय शहरों में एक्यूआई 100 से नीचे दर्ज किया गया।
उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग के आंकड़ों के अनुसार, दीपावली से करीब एक सप्ताह पहले ही प्रदेश के विभिन्न शहरों में वायु गुणवत्ता की निगरानी शुरू कर दी गई थी। एक से आठ नवंबर तक के औसत आंकड़ों में अधिकांश शहरों की हवा मॉडरेट श्रेणी में रही। वहीं, दीपावली के दिन देहरादून में आतिशबाजी के कारण एक्यूआई का 300 के पार पहुंचना प्रदूषण के स्तर में अचानक हुई बढ़ोतरी को दर्शाता है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते के मुताबिक, दीपावली के दौरान प्रदूषण में बढ़ोतरी के बावजूद प्रदेश के कई शहरों में वायु गुणवत्ता की स्थिति सामान्य दायरे में रही। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए गए प्रयासों का असर भी देखने को मिला है। हालांकि, सर्दियों की शुरुआत के साथ वायु गुणवत्ता को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ टेम्परेचर इन्वर्जन की स्थिति बनने की आशंका रहती है। ऐसी परिस्थितियों में वातावरण में मौजूद प्रदूषक तत्व ऊपर की ओर फैलने के बजाय निचली सतह पर अधिक समय तक बने रह सकते हैं। इससे वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने की आशंका रहती है। ऐसे में सर्दियों के दौरान प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और एहतियाती कदम उठाना जरूरी होगा।



