
देहरादून (राजपुर): उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। जरा सी बात पर उपजे पारिवारिक विवाद ने एक हसंते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया। गुस्से में अंधे हुए कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता के सीने में चाकू घोंपकर उनकी हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, थाना राजपुर क्षेत्रान्तर्गत चलांग, कुल्हन, सहस्त्रधारा रोड के रहने वाले मदन राणा का किसी बात को लेकर अपने 35 वर्षीय बेटे नितिन राणा के साथ विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से से आग बबूला हुए नितिन ने घर में रखे चाकू से अपने ही पिता मदन राणा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही 112 कंट्रोल रूम के जरिए राजपुर पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मदन राणा को तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मदन राणा को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
वारदात की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया। आसपास के लोगों से पूछताछ और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने हत्यारोपी बेटे नितिन राणा को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



