
बरसुली में रात भर चला रेस्क्यू, 200 मीटर नीचे फंसे घायल को SDRF ने निकाला
चमोली। जनपद चमोली के नैनीसैण रोड स्थित ग्राम बरसुली में बीती रात एक व्यक्ति का पैर फिसलने से वह पहाड़ी से करीब 200 मीटर नीचे जा गिरा और वहीं फंस गया। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन दुर्गम पहाड़ी और विपरीत हालात के आगे उनकी कोशिश कामयाब नहीं हो सकी।
इसके बाद SDRF को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट गोचर से निरीक्षक कर्ण सिंह के नेतृत्व में टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हो गई। घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के साथ तालमेल बनाते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रात का समय और बेहद कठिन पहाड़ी इलाका, दोनों ने अभियान को चुनौतीपूर्ण बना दिया था। इसके बावजूद SDRF जवानों ने साहस और धैर्य के साथ कई घंटे तक मशक्कत की। टीम ने सघन तलाशी चलाते हुए सावधानीपूर्वक अभियान को आगे बढ़ाया और करीब 200 मीटर नीचे फंसे व्यक्ति तक पहुंच बनाई।
काफी मशक्कत के बाद घायल को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से पहाड़ी से बाहर निकाला गया और बेहतर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।



