
181 पुलिस टीमों ने तड़के पांच बजे चलाया अभियान, 1.35 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद; 69 मुकदमे दर्ज
देहरादून। उत्तराखंड में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने प्रदेशव्यापी अभियान चलाकर तस्करों और उनके नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। डीजीपी के सख्त निर्देशन में 24 और 25 नवंबर को चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैक-7’ के तहत प्रदेशभर में 273 चिह्नित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। तड़के पांच बजे शुरू हुई कार्रवाई में 76 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 69 मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि करीब 1.35 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए।
प्रदेशभर में 181 पुलिस टीमों ने एसएसपी/एसपी, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में नशे के संवेदनशील ठिकानों पर दबिश दी। अभियान के दौरान 968 संदिग्धों का सत्यापन किया गया। पुलिस की कार्रवाई देहरादून के सपेरा बस्ती, बिंदाल पुल और ऋषिकेश के गुमानीवाला, नैनीताल के गूलरभोज व गुल्लरघट्टी, कोटद्वार के कोड़िया बैरियर, टिहरी के मुनि की रेती तथा ऊधमसिंह नगर के भूरारानी और रम्पुरा जैसे इलाकों में केंद्रित रही।
छह जिलों में 76 गिरफ्तारियां
एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार तस्करों में ऊधमसिंह नगर के 19, नैनीताल के 16, हरिद्वार और देहरादून के 13-13, टिहरी के छह तथा पिथौरागढ़ के तीन आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के साथ अपराधियों की निगरानी और उनके नेटवर्क को तोड़ने पर भी जोर दिया।
हेरोइन, चरस और गांजे समेत बड़ी बरामदगी
दो दिवसीय अभियान में पुलिस ने 450 ग्राम हेरोइन, 4.9 किलो चरस, 45 किलो गांजा और 1,510 नशीली टैबलेट व कैप्सूल बरामद किए। इसके अलावा 40 पेटी अंग्रेजी शराब भी पकड़ी गई। चरस की बरामदगी में एएनटीएफ/एसटीएफ की व्यावसायिक मात्रा के एक मामले में पकड़ी गई 4.1 किलो चरस और नशीली दवाओं में दूसरे मामले के 1,282 कैप्सूल व टैबलेट शामिल हैं।
तस्करों पर निगरानी और संपत्ति पर भी प्रहार
अभियान के दौरान 473 आरोपियों के डोजियर तैयार किए गए, जबकि 61 नए हिस्ट्रीशीटर खोले गए। पुलिस ने पांच गैर-जमानती वारंट निष्पादित कर पांच फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा दो आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमे दर्ज किए। इसके अलावा 1.3 एकड़ जमीन पर अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती को नष्ट किया गया। मानस हेल्पलाइन 1933 पर मिली आठ शिकायतों का भी मौके पर सत्यापन किया गया।
वर्ष 2026 में अब तक 1601 तस्कर गिरफ्तार
उत्तराखंड पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 1,340 मुकदमे दर्ज कर 1,601 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 62 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद हुए हैं। नशा तस्करी में संलिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ पीआईटीएनडीपीएस एक्ट के तहत 16 व्यक्तियों को निरुद्ध किया गया है।
तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति के खिलाफ वित्तीय जांच करते हुए करीब 6.30 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं, बल्कि उनके नेटवर्क, अवैध कमाई और नशे के कारोबार को संचालित करने वाले ठिकानों को ध्वस्त करना है। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



