
देहरादून। रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित चार दिवसीय प्रदर्शनी DECORA 3.0 में निर्माण, आर्किटेक्चर और इंटीरियर क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियां लगातार जारी हैं। प्रदर्शनी में देशभर के विभिन्न प्रतिष्ठित ब्रांड अपने उत्पादों और आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजन का नेतृत्व आयोजक सुमन शेखर कर रहे हैं। उनकी टीम पूरे आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में जुटी हुई है। वहीं, प्रदर्शनी में कई गणमान्य अतिथियों और वीआईपी लोगों ने पहुंचकर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और प्रदर्शकों से बातचीत कर उत्पादों की जानकारी ली। इस दौरान आर्किटेक्ट एवं अर्बन प्लानर शशि मोहन श्रीवास्तव भी प्रदर्शनी में पहुंचे।
DECORA के अंतर्गत काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर की पहल ‘आरंभ’ के तहत शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज एमिटी यूनिवर्सिटी की ओर से डूडलिंग और कैलीग्राफी वर्कशॉप आयोजित की गई। इसमें एसजीआरआर पब्लिक स्कूल के करीब 41 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। वर्कशॉप के दौरान बच्चों को अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशीलता को कला के माध्यम से प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
डूडलिंग गतिविधि में विद्यार्थियों के लिए कोई विशेष थीम निर्धारित नहीं की गई थी। बच्चों को अपनी पसंद और कल्पना के अनुसार चित्र बनाने की स्वतंत्रता दी गई। वहीं, कैलीग्राफी सत्र में उन्हें इस कला की बुनियादी जानकारी दी गई और अक्षरों को सुंदर एवं कलात्मक तरीके से लिखने के तरीके समझाए गए। इस अवसर पर आर्किटेक्ट श्रुतिका जोशी, असिस्टेंट डायरेक्टर, ट्रेनिंग एंड रिसर्च सेंटर, काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर तथा आर्किटेक्ट निधि विनोद, यंग प्रोफेशनल आर्किटेक्ट, काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर भी मौजूद रहीं।

DECORA के अंतर्गत आरंभ का यह चौथा आयोजन है। इससे पहले दिल्ली, जयपुर और लखनऊ में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। देहरादून में इस पहल के तहत चार विश्वविद्यालय – आईआईटी रुड़की, देवभूमि यूनिवर्सिटी, डीआईटी यूनिवर्सिटी और एमिटी यूनिवर्सिटी भाग ले रहे हैं। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को कला, रचनात्मकता और विभिन्न गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदर्शनी में निर्माण सामग्री, इंटीरियर, होम डेकोर, फर्नीचर और आधुनिक तकनीकों से जुड़े 30 से अधिक श्रेणियों के उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। हालांकि, प्रदर्शनी में लोगों की आवाजाही फिलहाल औसत रही, लेकिन विभिन्न कंपनियों के स्टॉल और रचनात्मक गतिविधियां आयोजन का हिस्सा बनी हुई हैं। 23 नवंबर तक चलने वाली DECORA 3.0 के माध्यम से कारोबारियों, आर्किटेक्ट्स, बिल्डर्स और आम लोगों को नए उत्पादों एवं तकनीकों से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है



