
सदस्यता अभियान जिला, मंडल और बूथ तक पहुंचेगा; पदाधिकारी बैठक में चुनावी रोडमैप को अंतिम रूप
हरिद्वार। 2027 के विधानसभा चुनावों में हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ भाजपा प्रदेश विस्तृत कार्यसमिति की बैठक से पूर्व संयुक्त मोर्चा प्रकोष्ठ प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित की गई। बैठक में सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों ने आगामी चुनावी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए “एक मोर्चा—एक लाख नए सदस्य” का संकल्प लिया। सदस्यता अभियान को जिला, मंडल और बूथ स्तर तक ले जाने की रणनीति तय की गई।
बैठक का उद्घाटन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव और प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सह प्रभारी अरविंद मेनन, सुश्री बांसुरी स्वराज और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि संगठन और उसके विचारों को लेकर संतुष्ट होकर बैठने का समय नहीं है। प्रत्येक मोर्चे को एक लाख से अधिक नए लोगों को पार्टी से जोड़ने पर काम करना है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार और नेतृत्व से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग भाजपा से जुड़ना चाहते हैं, इसलिए सदस्यता अभियान को प्रदेश से लेकर जिला, मंडल और बूथ तक प्रभावी ढंग से चलाया जाएगा। मोर्चा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने वर्ग, समाज और क्षेत्रों तक संगठनात्मक कार्यक्रम पहुंचाने होंगे, क्योंकि चुनावी लड़ाई में मोर्चा कार्यकर्ता भाजपा के अग्रिम सिपाही होते हैं। हर बूथ को जीतने के दृष्टिकोण से आगे बढ़ने और चुनावी अभियान में पूर्ण सहभागिता देने पर जोर दिया गया।
श्री भट्ट ने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी कार्यों में आगे बढ़ चुकी है, फिर भी जो कार्य शेष हैं, उन्हें लेकर जनता में विश्वास जगाना है कि उन्हें भी भाजपा ही पूरा कर सकती है। शीघ्र निकलने वाली जनआशीर्वाद यात्रा में महिलाओं, युवाओं, पिछड़े वर्गों, किसानों सहित सभी वर्गों के लोगों को अभूतपूर्व संख्या में जोड़ने का आह्वान किया गया। इससे पूर्व यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर प्रदेश अध्यक्ष ने दुख व्यक्त करते हुए उपस्थित भाजपा परिवार के साथ एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
मीडिया को जानकारी देते हुए महेंद्र भट्ट ने बताया कि बैठक में पार्टी के सातों मोर्चों और 22 प्रकोष्ठों ने प्रतिभाग किया। महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा सहित सभी मोर्चों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचने और बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मोर्चा एक लाख नए लोगों को जोड़ेगा। विशेष रूप से बूथ स्तर पर सदस्यता अभियान चलेगा। अन्य दलों के प्रभावशाली बूथों पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की जॉइनिंग कराई जाएगी—युवाओं की जॉइनिंग युवा मोर्चा, महिलाओं की महिला मोर्चा और संबंधित मोर्चा-प्रकोष्ठ अपने वर्ग के लोगों को जोड़ेगा।
बैठक में प्रत्येक मोर्चे के कार्यक्रम, उनके स्वरूप, जिला और मंडल कार्यसमितियों के कार्यक्रम तथा तिथियां भी तय की गईं। दिसंबर अंत तक सभी मंडल स्तर की बैठकें पूरी करने का निर्णय लिया गया। सामाजिक संवाद के तहत उत्तराखंड के सभी सामाजिक क्षेत्रों से संवाद, नुक्कड़ सभाएं और महिला चौपालें आयोजित होंगी। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और ओबीसी समाज के बीच कार्यक्रमों की श्रृंखला बनेगी। किसान मोर्चा की ओर से गढ़वाल और कुमाऊं में दो बड़े किसान सम्मेलन होंगे। दिसंबर और जनवरी में होने वाले इन सभी कार्यक्रमों को चुनाव को ध्यान में रखते हुए अंतिम रूप दिया गया।
प्रदेश सह प्रभारी एवं सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज ने बताया कि 19 जिलों के लिए दूसरे राज्यों से वरिष्ठ प्रवासी कार्यकर्ता जिला विस्तारक के रूप में आए हैं। उनका स्वागत किया गया और शीघ्र उनके जिला प्रभारी भी सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है और इस राज्य के सह-प्रभारी का दायित्व मिलना उनके लिए व्यक्तिगत सौभाग्य की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की जनता भाजपा को फिर हैट्रिक का आशीर्वाद देगी, क्योंकि धामी सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास विजन को जमीन पर उतारने का अभूतपूर्व काम किया है।
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, श्रीमती दीप्ति रावत, तरुण बंसल, सभी मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष एवं पदाधिकारी शामिल हुए। शाम को प्रदेश पदाधिकारी बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठनात्मक और राजनीतिक विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।



