
गणेश गोदियाल ने घटना को बताया लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन, डॉ. प्रतिमा सिंह बोलीं- निर्वाचित जनप्रतिनिधि का माइक बंद करना क्षेत्र की जनता का भी अपमान
देहरादून। पिथौरागढ़ जिले के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में धारचूला के विधायक हरीश धामी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार और प्रोटोकॉल उल्लंघन को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस घटनाक्रम पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधायक हरीश धामी की नाराजगी को जायज ठहराया है।
कांग्रेस की ओर से जारी बयान में डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि को उसके अपने विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ऐतिहासिक कार्यक्रम के मंच से बोलने का अवसर न देना और उनका माइक बंद करवाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल की अनदेखी केवल विधायक का अपमान नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता का भी अपमान है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार और प्रशासन द्वारा विपक्ष के विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा है। यह स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। विधायक हरीश धामी क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं और स्थानीय जनता की मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया गया।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की आवाज को इस तरह दबाने का प्रयास लोकतंत्र की भावना के विरुद्ध है। कांग्रेस पार्टी अपने जनप्रतिनिधियों के सम्मान और क्षेत्र की जनता के अधिकारों की लड़ाई में विधायक हरीश धामी के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन के माध्यम से विपक्ष के जनप्रतिनिधियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को लोकतांत्रिक परंपराओं और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान का ध्यान रखना चाहिए।




