
देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के उत्तराखंड दौरे पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सत्ता के लिए हस्ताक्षर अभियान नहीं, बल्कि बेटियों के इंसाफ के लिए संघर्ष करना चाहिए। हस्ताक्षरों से कांग्रेस की नाकामी का दाग नहीं धुलेगा।
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस आज जिस राजनीतिक दुर्दशा और संगठनात्मक बिखराव से गुजर रही है, उसके लिए उसे अपने भीतर झांकने की जरूरत है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को सत्ता गंवानी पड़ी और हरियाणा में भी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन वही नेतृत्व अब उत्तराखंड में कांग्रेस को नई दिशा देने के दावे कर रहा है। सैलजा को पहले अपने राजनीतिक प्रदर्शन का हिसाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस में नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई, आपसी खींचतान और गुटीय राजनीति किसी से छिपी नहीं है। संगठन की मजबूती और जनता के मुद्दों से ज्यादा चिंता नेताओं को अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की है। सैलजा का दौरा संगठन को मजबूत करने से अधिक बिखरे कुनबे को एकजुट दिखाने की कवायद नजर आता है।
भट्ट ने कांग्रेस के हस्ताक्षर अभियान को मुद्दाविहीन और दिशाहीन राजनीति का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के सामने कोई ठोस वैकल्पिक दृष्टिकोण रखने के बजाय कांग्रेस केवल हस्ताक्षर जुटाकर माहौल बनाने में लगी है। कागजों पर हस्ताक्षर जुटाना ही जनसेवा का प्रमाण नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यदि वास्तव में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की चिंता है तो उसे जेनी जैसी बेटियों को न्याय दिलाने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान चलाना चाहिए। महिलाओं के सम्मान का विषय किसी दल की राजनीति से बड़ा है, लेकिन कांग्रेस सरकार के विरोध में तो तुरंत सक्रिय हो जाती है, मगर पीड़ित बेटियों के न्याय के सवाल पर वैसी गंभीरता नहीं दिखाती।
भट्ट ने सवाल किया कि जेनी जैसी बेटियों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस ने अब तक कौन सा प्रदेशव्यापी अभियान चलाया, कितने बड़े नेता उनके समर्थन में सामने आए। उन्होंने कहा कि केवल सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाने से महिलाओं को न्याय नहीं मिलेगा, इसके लिए इच्छाशक्ति और जमीन पर संघर्ष की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास, जनकल्याण और सुशासन के संकल्प के साथ काम कर रही है। भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही है।




