
गूलर के पास पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी बस, गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, एसडीआरएफ और पुलिस का रेस्क्यू अभियान जारी
टिहरी गढ़वाल। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के समीप मंगलवार सुबह हुए भीषण बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है, जबकि 26 यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना के समय बस में कुल 34 यात्री सवार थे। यात्रियों से भरी बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह गूलर बाजार के पास ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस बल के साथ बचाव दलों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त बचाव दल भी मौके के लिए रवाना किए गए।
रेस्क्यू अभियान के दौरान बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। ताजा जानकारी के अनुसार, हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक घायल की पहचान संबंधी जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो पाई थी।
हादसे में घायल यात्रियों में मोहम्मद वहाब अंसारी (22), राहुल कुमार (24), अभिषेक (28), प्रत्यूष (23), अर्जुन सौरन (34), बुधन मुर्मू (50), आयरा (3), नूर जहां (26), राजकुमार (32), जतिन (21), पंकज नेगी (31), संतोष कुमार (38), वीरेंद्र सिंह (58), मुन्ना सिंह (28), सागर (21), खुशी भट्ट (19), परेश मराठी, आसापंथ (64), पंकज कांडपाल (42), अंजू (32), आर्यन गुप्ता, रमेश चंद, दर्शन सिंह, रामा प्रसाद घोष (62) और नवीन (31) शामिल हैं। घायलों में उत्तराखंड के अलावा झारखंड, बिहार, दिल्ली, असम, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के निवासी भी शामिल हैं।
दुर्घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों ने आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य चलाया। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस भीषण दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार और आवश्यक राहत व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।




