
30 से 35 लोग थे सवार, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटीं, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
टिहरी गढ़वाल। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के समीप मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे के समय बस में लगभग 30 से 35 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला से राहत एवं बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे। टीमों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अब तक करीब 20 यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा चुका है।
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त बचाव दल भी घटनास्थल के लिए रवाना किए गए हैं। पुलिस बल भी मौके पर मौजूद है और एसडीआरएफ के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है। शेष यात्रियों की तलाश और उन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।




