
देहरादून। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) उत्तराखण्ड प्रदेश, आईआईटी रुड़की के बीएस-एमएस गणित एवं कंप्यूटिंग पाठ्यक्रम के द्वितीय वर्ष के 20 वर्षीय छात्र आयुष राजोरिया की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करती है। अभाविप शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए इस प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग करती है। उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य एवं समुचित देखभाल सुनिश्चित करना संस्थान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इस दिशा में प्रभावी व्यवस्थाओं का होना अत्यंत आवश्यक है।
अभाविप मांग करती है कि आईआईटी रुड़की प्रशासन छात्र कल्याण एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा करे। परिसर में योग्य मनोचिकित्सक की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ विद्यार्थियों की समस्याओं एवं सुझावों को सुनने के लिए संस्थान के निदेशक, डीन एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में ओपन हाउस आयोजित किया जाए। साथ ही, विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी एवं गोपनीय शिकायत निवारण तंत्र विकसित किया जाए तथा समय रहते आवश्यक हस्तक्षेप सुनिश्चित करने की व्यवस्था बनाई जाए।
अभाविप उत्तराखण्ड प्रदेश मंत्री यशवंत पंवार ने कहा, “प्रत्येक विद्यार्थी का जीवन, सम्मान एवं मानसिक स्वास्थ्य शिक्षण संस्थानों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ विद्यार्थियों को सुरक्षित, संवेदनशील एवं सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना भी संस्थानों की जिम्मेदारी है। आईआईटी रुड़की प्रशासन को इस घटना के पीछे की परिस्थितियों एवं कारणों की गहनता से जांच करानी चाहिए तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही, छात्र कल्याण एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए ठोस एवं समयबद्ध कदम उठाए जाने चाहिए।”




