
महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेड़ा ने पूर्व सैनिकों के योगदान को सराहा, जरूरतमंद परिवारों को कंप्यूटर और स्कूटी सहित सहायक उपकरण किए वितरित
कोटद्वार । असम राइफल्स ने बुधवार को उत्तराखंड के कोटद्वार में पूर्व सैनिकों (ESM) एवं उनके परिजनों (NOK) के लिए संवाद एवं कल्याण कार्यक्रम आयोजित किया। ‘जिन्होंने हमारी सेवा की, उनकी सेवा करना’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तराखंड एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे असम राइफल्स के पूर्व सैनिकों, वीरता पुरस्कार विजेताओं, वीर नारियों, विधवाओं और उनके आश्रितों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के माध्यम से संगठन ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण एवं हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेड़ा, एवीएसएम, एसएम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। असम राइफल्स वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (ARWWA) की अध्यक्ष श्रीमती विभा लखेड़ा ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर महानिदेशक ने राष्ट्र की सुरक्षा में पूर्व सैनिकों की अनुकरणीय सेवाओं और उनके सर्वोच्च बलिदानों को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कौशल समाज के विकास तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों की पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य कल्याणकारी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष व्यवस्था की गई। इसके तहत शिकायत निवारण केंद्र, स्वास्थ्य जांच सुविधा, बैंकिंग सहायता काउंटर और पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS) के सुविधा काउंटर स्थापित किए गए। साथ ही पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को केंद्र सरकार की नवीनतम नीतियों और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण जरूरतमंद पूर्व सैनिक परिवारों को सहायक उपकरणों का वितरण रहा। सेवा के दौरान शहीद हुए एक पूर्व सैनिक के लकवाग्रस्त पुत्र को घर से काम करने के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डेस्कटॉप कंप्यूटर प्रदान किया गया। वहीं, सेवा के दौरान अपना एक पैर गंवाने वाले पूर्व सैनिक को आवागमन में सुविधा और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए स्कूटी भेंट की गई।
इस दौरान आयोजित सम्मान समारोह में विशिष्ट पूर्व सैनिकों, वीरता पुरस्कार विजेताओं, वीर नारियों और विधवाओं को उनके योगदान एवं बलिदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ, जिसमें पूर्व सैनिकों और सेवारत जवानों के बीच आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का भाव देखने को मिला।


असम राइफल्स का यह आयोजन पूर्व सैनिकों के सम्मान, उनकी समस्याओं के समाधान और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति संगठन की संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।




