
ज्ञान भारत मिशन के तहत जिलेभर में होगा दुर्लभ हस्तलिखित ग्रंथों का सर्वेक्षण और पंजीकरण, आमजन एवं धार्मिक-शैक्षणिक संस्थानों से सहयोग की अपील
हरिद्वार । जनपद की प्राचीन ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए ज्ञान भारत मिशन के तहत विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले के सार्वजनिक एवं निजी पुस्तकालयों, शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक स्थलों, आश्रमों, मठों और अन्य संस्थाओं में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों, हस्तलिखित ग्रंथों एवं दुर्लभ ज्ञान सामग्री का सर्वेक्षण, पंजीकरण, संरक्षण और डिजिटाइजेशन किया जाएगा। इस संबंध में बुधवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ज्ञान भारत मिशन भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य देश की प्राचीन एवं समृद्ध ज्ञान परंपरा को सुरक्षित रखते हुए उसका दस्तावेजीकरण और डिजिटाइजेशन करना है, ताकि यह अमूल्य विरासत आने वाली पीढ़ियों तक पहुंच सके। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों और दुर्लभ ज्ञान सामग्री की पहचान कर समयबद्ध तरीके से उनका सर्वेक्षण एवं पंजीकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति, धार्मिक संस्था, स्वयंसेवी संगठन, आश्रम, मठ या शिक्षण संस्थान के पास प्राचीन पांडुलिपियां अथवा हस्तलिखित ग्रंथ उपलब्ध हैं, तो इसकी जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी, हरिद्वार के कार्यालय में उपलब्ध कराएं। इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों और संस्कृत महाविद्यालयों के माध्यम से भी जानकारी साझा की जा सकती है। उपलब्ध पांडुलिपियों की स्क्रीनिंग के बाद उनका वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन कराया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, श्री भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय, शिक्षा विभाग और नगर निगम सहित संबंधित संस्थानों से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध दुर्लभ ज्ञान सामग्री का विवरण जुटाएं।
बैठक में बताया गया कि राज्य स्तर पर पतंजलि विश्वविद्यालय को नोडल संस्था बनाया गया है, जिसके माध्यम से पांडुलिपियों की स्क्रीनिंग और डिजिटाइजेशन का कार्य किया जाएगा। वहीं, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति सर्वेक्षण, सत्यापन, संरक्षण और डिजिटाइजेशन से जुड़े कार्यों की निगरानी एवं समन्वय करेगी।
जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने मिशन के उद्देश्यों, कार्ययोजना और क्रियान्वयन की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि पंजीकृत पांडुलिपियों को ज्ञान भारतम (GYAN BHARATAM) ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से डिजिटाइज कर संरक्षित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से प्राचीन हस्तलिखित ग्रंथों और दुर्लभ ज्ञान सामग्री को डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित रखने के साथ आमजन के लिए सुलभ बनाया जाएगा।
बैठक में उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के शोध अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र गुरानी, श्री भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रविंद्र कुमार, पतंजलि विश्वविद्यालय से डॉ. स्वाति आर्य, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव दिनेश कुमार, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलसचिव दाऊ देवगण, श्रीराम सोनपे, उप नगर आयुक्त श्याम सुंदर प्रसाद, पूर्णिमा बिष्ट, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




