
हरिद्वार । विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार के अमरापुर घाट पर मत्स्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। इस पहल का उद्देश्य गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण एवं संवर्धन, जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देना तथा नदी के पारिस्थितिकीय संतुलन को लेकर जनजागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मां गंगा केवल आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का ही प्रतीक नहीं हैं, बल्कि समृद्ध जैव विविधता एवं प्राकृतिक संसाधनों का भी अहम आधार हैं। उन्होंने कहा कि गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। जलीय जीवों व प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए लगातार काम कर रही है। नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन प्राकृतिक मत्स्य संपदा को समृद्ध करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे जलीय पारिस्थितिकी के संरक्षण के साथ मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को भी बल मिलता है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग और व्यक्ति की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों से आह्वान किया कि वे मां गंगा सहित प्रदेश की अन्य नदियों की स्वच्छता बनाए रखें, जल प्रदूषण रोकें और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण में सहयोग दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियां और प्राकृतिक संसाधन भावी पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के साथ विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन साधना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, समृद्ध और पर्यावरणीय रूप से सुरक्षित भविष्य का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



