
गौचर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चमोली, गौचर में 24 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद सांख्यिकीकार योगेंद्र सिंह बर्त्वाल का उनके इच्छित स्थान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वीणा, पोखरी में स्थानांतरण होने पर संस्थान की ओर से भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर डायट प्राचार्य अनीनाथ, वरिष्ठ संकाय सदस्यों, कार्यालय स्टाफ एवं डीएलएड प्रशिक्षुओं ने उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।
योगेंद्र बर्त्वाल एक शानदार खिलाड़ी, कुशल शिक्षक प्रशिक्षक एवं सरल, जमीन से जुड़े व्यक्तित्व के धनी हैं। संस्थान में अपने 24 वर्षों के सेवाकाल के दौरान उन्होंने अपनी कार्यशैली, सहयोगात्मक व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा से सभी के बीच विशेष पहचान बनाई। विदाई समारोह में सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए पलों, कार्य अनुभवों और विभिन्न संस्मरणों को साझा करते हुए संस्थान में उनके योगदान की सराहना की। सभी ने उनके आगामी पारिवारिक एवं व्यावसायिक जीवन के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
डायट प्राचार्य अनीनाथ ने कहा कि योगेंद्र सिंह बर्त्वाल ने संस्थान में 24 वर्षों तक पूरी निष्ठा, समर्पण एवं कर्मठता के साथ अपनी सेवाएं दी हैं। उनका सरल व्यवहार, सहयोग की भावना और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी। संस्थान के प्रति उनका जुड़ाव और योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

विदाई के अवसर पर योगेंद्र बर्त्वाल ने डायट में बिताए वर्षों को अपने जीवन का महत्वपूर्ण एवं यादगार समय बताया। उन्होंने प्राचार्य, सहकर्मियों, कार्यालय स्टाफ एवं प्रशिक्षुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संस्थान से जुड़ी यादें साझा कीं और सभी के स्नेह एवं सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ संकाय सदस्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी, बीरेंद्र सिंह कठैत, रविंद्र सिंह बर्त्वाल, डॉ. गजपाल राम राज, गोपाल प्रसाद कपरुवाण एवं सुबोध कुमार डिमरी सहित संस्थान के वरिष्ठ संकाय सदस्य, कार्यालय स्टाफ और डीएलएड प्रशिक्षु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संकाय सदस्य डॉ. कमलेश कुमार मिश्र ने किया।



